सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

व्यंग्य // अब सियासत ने पाल ली है गायें; आदमीयत ने ख़ुदकुशी कर ली है.....!!!!

व्यंग्य : अब सियासत ने पाल ली है गायें;  आदमीयत ने ख़ुदकुशी कर ली है...


@ बिपिन कुमार चौधरी


मल्लूह काका आज सुबह से ही बहुत ही खुश थे। मल्लूह काका ने लठैत को देखते ही टोका "सुना रे लठैत, अब अप्पन गाय-माता का बढ़िया दिन आ गया है! " लठैत का मल्लूह काका से ज्यादा बनता नही था, सो वो उनसे ज्यादातर परहेज़ करके ही चलता था। लठैत ही क्या गाँव का शायद ही कोई ऐसा आदमी हो, जो मल्लूह काका के जाल में फँस कर अपना धन और किमती समय के साथ-साथ मानसिक शांति का नुकसान नही झेला हो। किसी ने ठेकेदारी के लिये पैसा दिया, किसी ने अपने जमीन के केश की पैरवी के लिये, किसी ने  के.सी.सी.  लोन पास कराने के लिये, कोई अपने बच्चे के मेट्रिक का कॉपी का पैरवी के लिये, कोई ब्लॉक से जाति-आवासीय बनाने के लिये, तो किसी ने इन्द्रा आवास के लालच में, तो कोई वृद्धा पेंशन की उम्मीद में,   कई बेरोजगार युवा ने मास्टर और अन्य नौकरी के लिये तो किसी ने किसी और काम के लिये......, फेहरिस्त बहुत लम्बी है, बस इतना समझ लीजिये कि  आलराउंडर दलाल टाइप के आदमी थे !

            

            गाँव-समाज में ऐसे लोगों की बहुत इज्जत होती है। हर तरह के वक्त-बेवक़्त में ऐसे ही लोग गाँव का नेतृत्व करते हैं, इसी कारण कई-कई बार अलग-अलग ढंग से ठगे गये लोग भी खुल कर ना तो इनका विरोध करते हैं, और ना ही ऐसे लोगों से रिश्ता खराब कर बेवजह मुसीबत मोल लेने की गलती करते हैं। हाँ, ऐसा नही कि मल्लूह काका ने सिर्फ लोगों को ठगा ही हो, अपने शरण में आये करीब दस फीसदी लोगों के वो मुसीबत में काम भी आये हैं, अब आजकल कोई किसी के लिये बेवजह कहाँ  अपना समय और दिमाग खराब करता है ! सो वो अपना वाजिब मेहनताना, (जिसे आजकल कुछ पढ़े-लिखे लोग दलाली भी कहते हैं) अवश्य लेते थे, और डंके की चोट पर लेते थे। हर तरह के काम के लिये उनका एक रेट फिक्स था, जिसे वो हमेशा अड्वान्स में ही ले लेते थे लेकिन कई बार किसी के मजबूरी पर तरस खा कर, अपना मेहनताना बाद में भी लेने को तैयार हो जाते थे लेकिन ऐसे में अगर किसी ने जरा भी होशियारी की तो उस पर मानो मुसीबतों का पहाड़ टूटना तय था। इसलिए लोग अपना बहुत कुछ लूटा कर भी अक्सर सामने पड़ जाने पर उनकी  बहुत इज्जत करते थे। ये अलग बात है कि पीठ-पीछे लोग दबी जुबान ही सही पर अपना भड़ास निकालने के लिये  दुनियाँ का शायद ही कोई ऐसा अपशब्द हो जिसका इस्तेमाल मल्लूह काका के लिये नही करते हों ! ऐसा नही कि मल्लूह काका को इसकी जानकारी नही होती थी, पर जब कोई उनका शुभचिंतक उन्हें इसकी सूचना देता तो वो बड़े उदार हो कर बोलते कि अरे भाई ! इस दुनियाँ में तो लोग महात्मा गाँधी को भी गाली देते हैं, तो महात्मा गाँधी कोई बुरे आदमी थोड़े हो गये। नीच-बुद्धि के लोग ऐसा करते रहते हैं, लेकिन क्या इससे महात्मा गाँधी के महानता में क्या कोई कमी आई जो किसी के पीठ पीछे गाली देने से मेरा मान-सम्मान कम होगा। अभी सामने वो शख्स आ जाये तो तुम देखना किस तरह हाथ-जोड़ कर प्रणाम करेगा। वैसे भी  यह कलयुग है, आप किसी का कितना भी भलाई क्यों ना कर दो, पीठ-पीछे वो आपको गाली देगा ही, अतः निश्चिंत हो कर अपना काम करने पर ध्यान लगाओ ! ठीक वैसे ही जैसे मैं बिना किसी चिंता के समाज-सेवा में निरंतर खुद को समर्पित रखता हूँ !


         मल्लूह काका का लगभग हर तरह के राजनीतिक लोगों से भी बढ़िया सम्पर्क था, सबसे बड़ी खासियत उनकी  यह थी कि पंचायत से लेकर लोकसभा तक चाहे जो भी जीते, वो उसी की ना सिर्फ प्रशंसा के पुल बाँधने में माहिर थे बल्कि जीते प्रत्याशी को वो इस बात का पुरा-पुरा विश्वास भी दिलाने में सफल रहते थे कि उनकी जीत में मल्लूह काका ने बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनके मोटर-साइकल पर किसी भी  चुनाव में रोज़ अलग-अलग प्रत्याशी का झंडा और बेनर दिख जाना मामूली बात है, और कोई भी प्रत्याशी अंत तक यह समझ नही पाता था कि आखिर वो किसका चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हाँ रिजल्ट के तुरंत बाद उनका स्टेंड बिल्कुल क्लियर होता था और इसलिए सभी छोटे-बड़े नेता उन्हें राजनीति का माहिर खिलाड़ी मानते थे।

  

         दरअसल मल्लूह काका जैसे लोगों की इस भारत देश में कोई कमी नही है। भारतीय लोकतंत्र का मजाक उड़ाने में मल्लूह काका जैसे धूर्त लोगों की अहम भूमिका रही है। आम जनता हर चुनाव में बार-बार ऐसे नकाबपोश लोगों को पहचानने की कोशिश करता है, कई बार ऐसे लोगों को आम जनता ने जम कर सबक भी सिखाया है लेकिन जन-प्रतिनिधी के पोस्ट की गरिमा ही कुछ ऐसी है कि आजादी के इतने दिनों बाद भी भारत का आम आदमी खुद को ठगा महसूस करता है। चुनाव के समय हर बार ये आम-आदमी इस उम्मीद में मतदान करता है कि अबकी उसकी किस्मत जरूर बदलेगी लेकिन सत्ता और शक्ति के केन्द्र चाहे जितनी बार बदल गये हों, जमीन पर उनका संचालन मल्लूह काका जैसे लोगों के हाथ में ही रहता है और यही कारण है कि आज भी केन्द्र से चलने वाला पैसा जमीन पर आते-आते अपनी तीन-चौथाई उपयोगिता खो चुकी होती है। सूचना का अधिकार आया, भ्रष्टाचार को रोकने के लिये एक से एक कठोर कानून बने,जन-लोकपाल के लिये कुछ कथित ईमानदार लोगों ने बड़े-बड़े आंदोलन किये लेकिन ना तो एक आम आदमी की किस्मत बदली और ना मल्लूह काका जैसे लोगों के रुतबा और शान-शौकत में कोई कमी आई !


          लठैत अपने नाम के अनुसार बिल्कुल सीधी बात करता था और मल्लूह काका का सुबह-सुबह उसे इस तरह टोकना बिल्कुल भी अच्छा नही लगा। गुस्सा से बोला "क्या हुआ हो मल्लूह काका ! सुबह-सुबह काहे बौराईल  हैं ? गाँव में कोई गौशाला खुलने वाला है क्या या लालू जी बिहार में फिर से चरवाहा स्कूल शुरू करने वाले हैं ?"

मल्लूह काका ने उन्हें टोका "धत्त बुरबक! चरवाहा स्कूल से किसका फायदा हुआ तुम्ही बताओ तो, जो हम चरवाहा स्कूल के फिर से खुलने से एतना खुश होंगे ! गाँव में गौशाला खुले के अभी बात मत करो, काहे कि खोलने वाला एक समय था,जिस समय नीतीश कुमार को काम करने का मन था तो सब पंचायत में शराब दुकान खुलवाए थे कि नही, अभी उनका पुरा फोकस बंद करने पर है ! सबसे पहले शराब बंद करवाये, नशा को भी पुरा बंद करवाने का बात चल रहा है ! स्कूल, कॉलेज और आँगनबारी में कोर्ट के आदेश "समान काम का समान वेतन वाला" माँग नही मान कर और आवश्यक शिक्षकों की भर्ती नहीं होने से पढाई-लिखाई भी पूरे बिहार में लगभग बंद होने के कगार पर है। केन्द्र-सरकार बिहार को वाजिब पैसा नही दे रहा है, इसलिये बिहार में विकास का काम भी साफ बंद है। बेरोजगार लोगों के लिये लगभग सब विभाग में सरकारी वेकेंसी भी बंद है। देखा-देखी मोदी जी भ्रष्टाचार बंद करने के लिये पुराना नोट बंद कर ही दिये, लेकिन सबसे बड़का काम तो योगीजी किये हैं!"

लठैत झल्लाते हुए "ए काका, अब ई योगीजी कौन है हो ? ई योगी जी क्या बंद कर दिये ?"

मल्लूह काका समझाते हुए "अरे बुरबक, एकदम गंवार है तुम ! अरे योगी जी यू.पी. के नया मुख्यमंत्री हैं, और शपथ लेते ही सबसे पहले गाय काटे पर पाबंदी लगा दिये हैं ! तब ही ना हम तुमको बोले कि गाय-माता का बढ़िया दिन आ गया, लेकिन पढ़ने के टाईम में तो तुम स्कूल छोड़ कर गुल्ली-डंडा खेलने में जिंदगी बरबाद कर दिया।  हम भी भैंस के आगे बीन बजा कर अपना माथा खराब कर रहे हैं। जा कर अप्पन काम कर, फालतू सुबह-सुबह माथा नही खाओ।

मल्लूह काका का ये व्यवहार लठैत को बिल्कुल अच्छा नही लगा। गुस्सा में तमतमाते हुए बोला "ए मल्लूह काका ज्यादा अपना ज्ञान मत बघारिये! हमको भी पता है कि आप कितना बड़ा ज्ञानी हैं ! अप्पन बूढ़ी माय को तो दोनों टाईम ढंग से खाना देवे नही करते हैं और हमको यू.पी. का ख़बर सुना रहे हैं कि गाय माता का बढ़िया दिन आ गया। अरे, आप ढेर ज्ञानी हैं तो हमको पहले ई न बताईये कि आपका अप्पन बुढ़ी माँ का बढ़िया दिन कब आयेगा ? बड़ा ज्ञानी बनते हैं...

मल्लूह काका लठैत से सीधे भीड़ना मुनासिब नही समझते थे। इसलिए अपमान का कड़वा घुट पी कर रह गये।

लठैत भी अपनी मोटी लाठी पटकते हुए अपने खेत की ओर चला गया।


       अभी लठैत  कुछ ही दूर चला था कि सामने से गँगुआ आता दिखा। गँगुआ को लठैत ने सारा हाल कह सुनाया।

गँगुआ मुस्कुराते हुए बोला "अरे लठैत, ई तो बढ़िया बात है कि योगी जी गाय मारने पर पाबंदी लगा दिये। मुस्लिम भाई लोग को भी चाहिये कि अप्पन हिन्दु भाई के मान-सम्मान के खातिर गाय-माय को मार के खाना छोड़ दे। वैसे भी दुनियाँ में खाने-पीने के समान का कोई कमी नही है, लेकिन हमको ई बात आज तक समझ में नही आया कि साला हिन्दु के कौन धर्म ग्रंथ में ई लिखा है कि मुर्गा खाओ, बकरी-बकरा खाओ, मछली खाओ। अरे भाई, सनातन धर्म का तो यही कहना है कि दुनियाँ के प्रत्येक जीव में भगवान का वास है। इसलिए आदमी को किसी भी जीव के प्रति हिंसा नही करना चाहिये, नहीं तो भगवान नाराज हो जाता है, लेकिन साला यहाँ तो स्थिति ई  है कि हिन्दु लोग दुर्गा पूजा के टाईम में दस दिन बोलेंगे जय जय दुर्गा, जय जय दुर्गा, और उसके बाद  बोलेंगे लाओ जी मुर्गा, लाओ जी  मुर्गा,

हमारे विचार से तो योगी जी को इस बात पर भी पाबंदी लगा कर हिन्दु धर्म की रक्षा करनी चाहिये।"

   

      उसी समय वहाँ से पंडित काल भैरव गुजर रहे थे, उन्होंने गँगुआ की बात से सहमति जताते हुए बोला कि बिल्कुल तुम ठीक बोल रहे हो गँगुआ। लेकिन आज कल नया ज़माना में सबलोग अपन ढंग से अपना नियम-कानून बना लिया है।"

लठैत को पंडीतजी की बात बिल्कुल भी नही जंची। गुस्साते हुए बोला "ए भैरो बाबा, आप ई सब बात मत बोलिये। आप भी हमरा साथ बैठ कर कई बार मुर्गा और तारी का मजा ले चुके हैं। अभी आप गँगुआ के साथ मिलकर ज्ञान नही झारीये। आप तो ऐसन आदमी हैं कि फोकट में अगर आपको कुत्ता का भी माँस लोग खिला देगा तो आप दारू के साथ हज़म कर जायेंगे। बड़ा हिंसा नही करने का उपदेश देने आये हैं। नया साल के पार्टी में मन्ती काकी का बड़का खस्सी चूरा कर काटने में भी आप हमलोग के साथ ही थे। भैरो बाबा अपनी भारी बैज्जती देख वहाँ से चुप-चाप खिसकने में ही अपनी भलाई समझी।

लेकिन लठैत चुप नही हुआ और अपनी धुन में बोलता रहा "जिसको जो करना है भाई करे हमको तो एक दिन बाद एक दिन बीना माँस-मछली के रहा नही जाता है। दुध-दही थोड़ा कम मिले लेकिन माँस-मछली के बगैर खाना में स्वाद नही बुझाता है।"

  गँगुआ ने लठैत को समझया "देख भाई लठैत,लोकतंत्र में किसी को वैसे तो कुछ भी खाने-पीने की सामान्यतः कोई पाबंदी नही होती है, लेकिन देश के किसी भाई-बंधु के धार्मिक आस्था को चोट पहुँचा कर कुछ खाना-पीना उचित भी नही है। योगी जी गाय का बीफ पर पाबंदी लगा कर बेशक कोई गलत काम नही किये हैं लेकिन जब बुढ़ी और कमजोर गाय को हमारे हिन्दु भाई ही कुछ रूपये के लालच में कसाइयों के हाथ में बेच देते हैं तो गाय-माय का रक्षा कैसे होगा ?"

लठैत ने सहमति में सर हिलाते हुए बोला "बिल्कुल गँगुआ तुम ठीक बोलता है। अरे भाई सब हिन्दु-परिवार को चाहिये कि कम से कम एक गाय-माता की सेवा ज़रूर करे। हिन्दु लोग को  गाय-माय का अंत तक सेवा कर उसे मरने के बाद  दफना देना चाहिये। योगी जी को बुढ़ा-गाय और बैल के खरीद-बिक्री पर भी  पाबंदी लगा देना चाहिये। अब परसों की ही बात है, मल्लूह काका अप्पन बुढिया गाय को मंसुर मियाँ को बेच दिये। अब तुम ही बताओ कि मल्लूह काका को पता नही था कि जो  गाय काका के अब कोई काम के लायक नही रहा है, उसको मंसुर मियाँ खरीद के क्या करेगा ?


    तभी बनारसी काका वहाँ पहुँच गये, उनलोगों की बात को सुन कर दुखी होते हुए बोले कि बेटा सच पूछो तो गाय-माय की रक्षा का उचित जिम्मेदारी उठाने के लिये इस देश में बहुत कम लोग तैयार है। एक योगीजी या कोई और क्या कर सकता है ? अरे भाई गाय को माय बोलने वाला इस देश में सबसे गरीब लोग ही गाय का सेवा करता है। गरीब लोगन के लिये पैसा का बहुत बड़ा महत्व होता है, योगी जी को चाहिये कि सब पंचायत में एक ऐसा गौशाला बना दे, जहाँ लोग बुढ़ी और बेकार गाय को जा कर बेच आयें। इस गौशाला का खर्च हिन्दु संगठन और सरकार को उठाना चाहिये, जिससे कोई गाय माय के अंत समय में कत्ल-खाना तक नही पहुँच पाये लेकिन ऐसा करना बहुत मुश्किल है।

  

      लठैत को बनारसी काका का बात एकदम ठीक लगा बोला "गाय-माय के रक्षा के लिये अगर हिन्दु लोग को सनका के दंगा करवाया जा सकता है तो ऐसा गौशाला काहे नही खोला जा सकता है ?"

बनारसी काका ने समझाया "अरे लठैत, इस देश में मल्लूह जैसा बहुत लोग है, जो अप्पन बुढ़ी माँ का सेवा नही करता है, बुढ़ी गाय-माय को दो पैसा के लालच में  बेच देता है, लेकिन साम्प्रदायिक तनाव फैला कर, लोगों की धार्मिक भावना को उकसा कर घटिया किस्म की राजनीति करता है। अरे भाई सबसे बड़ा धर्म मानवता और इंसानियत का है। उससे बड़ा धर्म इस दुनियाँ में कुछ नही है। गाय-माय का रक्षा तो होना ही चाहिये लेकिन किसी भी शर्त पर देश के लोगों के आपसी प्रेम और साम्प्रदायिक-सदभाव को नुकसान नही पहुँचना चाहिये। नहीं तो हमें ना भगवान माफ करेगा, ना ही अल्लाह और ना ही कोई गॉड।

गँगुआ बोला बिल्कुल सही बनारसी काका "इस देश में सबसे ज्यादा ऊ लोग खतरनाक है जो आदमी के रूप में भेरिया  बन कर अप्पन राजनीतिक रोटी सेक रहा है, जो समय-समय पर भेड़ बन जाता है तो कभी गाय-माय का खाल ओढ़ लेता है। ई लोग इस देश में ना गाय माय को बचने देगा, ना मानवता को और ना इस देश को ही बचने देगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कहानी // सफलता का रहस्य

खुद पर विश्वास  करने वाला हमेशा सफल होता है... बुलाकी एक बहुत मेहनती किसान था। कड़कतीधूप में उसने और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने रात दिन खेतों में काम कियाऔर परिणामस्वरू...

व्यंग्य // सबसे बढ़िया टियूशनिया मास्टर......!

      गाँव के चौपाल पर आज काफी गहमा-गहमी थी। लठैत सिंह गुस्सा से आग-बबूला था बोला "ए  बनारसी काका, ई देखिए तो कॉन्वेंट वाला प्रिन्सिपल साहब का केतना जुल्म है। कल मेरा बेटा फें...

रहस्योद्घाटन

             रहस्योद्घाटन ✍🏻 बिपिन कुमार चौधरी हम उन मासूमों को बचा नहीं सके,  डाक्टर बाबू उनके लिये दवाई ला नहीं सके,  माँ की ममता आँखो से सैलाब बन कर निकल गया,  दिखावटी मातम मनाने का अवसर हम गंवा नहीं सके .... अपने कष्टों को तोतली जुबां में वो  बता नहीं सके,  सियासत के मसीहा अपना हुनर दिखा नहीं सके,  लाशों के ढ़ेर को देख भी मूकदर्शक यह मुल्क हैं,  अपनी आक्रोश को भी हम जता नहीं सके... कुछ सीढ़ियों के अभाव में जिंदा जल गये,  कुछ दुस्कर्मीयों के हैवानियत के हत्थे चढ़ गये,  हिंदु-मुस्लिम गाय-गोबर से अभी हमें फुरसत नहीं,  कुछ दो सो बच्चे दवाइयों के अभाव में पंचतत्व में मिल गये वक्त का क़हर न्यौता देकर नहीं आता है,  सिस्टम के हाथों सिसक कर आमजनों के सांसो का डोर टूट जाता है,  जाँच कमिटी का गठन कर सियासत मलाई खाता है,  चुनाव आने पर रहस्यों का राज हमें बताता है... मंदिर मस्जि़द गुरूद्वारे से उन्हें फुरसत नहीं है,  हमारे वोटों की भी उन्हें अभी जरूरत नहीं है,  ...

२०. मोबाइल जिंदगी @

मोबाइल जिंदगी ✍🏻 बिपिन कुमार चौधरी कबाड़ी में पड़ा मोबाइल, इंसानी फ़ितरत का हुअा शिकार, कभी जिंदगी में सबसे ख़ास था, अहंकार टूटा जब हुअा बेकार  ... चिपक कर जिसने संग घंटो बिताया, दोस्तों संग अपनी प्रेमिका को पटाया, जिसकी बदौलत सोशल मीडिया में सुर्खियां पाया, अचानक हीं उसे कबाड़ी को थमाया ... धरती पर यह जो मानव है, स्वार्थवश पल में बनता दानव है, मानवीय स्नेह कृपा का जिसे होता अहंकार, कष्टदायक होती यह जिंदगी नरक बनता संसार... कबाड़ी वाला भी बिल्कुल हतप्रभ था, अपनी दुर्गति का मोबाइल को भी कहाँ ख़बर था, नशा जब तलक उसका टूटा था, सिम और चिप से उसका साथ छूटा था ... सिम खुशनुमा हालात है, चिप संजोने लायक यादाश्त है, मानव की इतनी हीं अहमियत है, फ़िर सबकुछ सुपुर्दे ख़ाक है... सूर्य चन्द्रमा इस सृष्टि में गवाह हैं, मानवीय स्वार्थ कृत अनंत गुनाह हैं, गुनहगारों की भी पूजा होती है, यह सिर्फ वक्त और हालात की बात है ...

कविता // वक्त

✍🏻✍🏻 ऐ वक्त थोड़ा वक्त दे मुझे बहुत कुछ भुलाना है मुझे रूठना भी भूल गया हूं, रूठे को मनाना भी भूल गया हूँ, कागज के नाव पर सवारी करके दिल को बहलाना है मुझे जिंदगी बहुत कुछ दिया है तूने, थोड़ा हिम्मत मुझे और दे, कुछ और जिंदगी को सजाना है मुझे अभी बहुत कुछ भुलाना है मुझे  . . . - बिपिन कुमार चौधरी

व्यंग्य // मैं अन्नदाता हूँ . . .!

जेठ के दोपहर का समय था। गर्मी अपने परवान पर थी। सूर्य भगवान मानो अपनी क्रोधाग्नी से धरती को भस्म करने के मूड में थे। सड़क पर बिल्कुल सन्नाटा पसरा था। अधिकांश सरकारी और प्राइवेट स्कूल में छुट्टी हो चुकी थी, इसी कारण गाँव और शहर के बच्चे गर्मी छुट्टी का आनंद लेने में मशगूल थे। कई सरकारी बाबुओं ने स्पेशल अर्जी लगा कर जेनेटर का व्यवस्था करवा लिया था। प्राइवेट कार्यालयों में तो बहुत जगह एयर-कंडीशन ऑफिस का मजा उठाने वाले लोग इस जानलेवा गर्मी से बेखबर थे। असली शामत तो भाई किसान-मजदूरों की थी।             गँगुआ इस भयानक गर्मी में भी अपने सिपाही हिरवा के साथ खेत पर डटा था। हिरवा नाटे कद और साँवला रंग-रूप का एक कमजोर दिमाग वाला मेहनती इंसान था। हिरवा भोजपुरी गाने का बड़ा प्रेमी था, और जब कठिन मेहनत से शरीर टूटने लगता तो अपनी गायकी से अपना और अपने मालिक गँगुआ का मनोरंजन करने लगता था। हिरवा की जरूरतें बहुत कम थी। मोटा-सोंटा खाना खा कर भी खुश रहता था।दो टाईम खाना और दो जोड़ी कपड़ा के अलावे उसे कोई खास चीज की ज़रूरत महसूस नही होती थी।हाँ, एक बार...

व्यंग्य // ऐसे तो भगवान और अल्लाह बेघर हो जायेंगे....!!

ब्रह्म-बाबा थान गाँव का एक मात्र ऐसा जगह था, जहाँ पूरे गाँव के बच्चे लोग बिना किसी भेदभाव के खेला करते थे। दरअसल ब्रह्म-बाबा थान के एक ओर बाभन टोली थी, जहाँ ब्राह्मणों की संख्या भले अधिक हो लेकिन सभी जाति के लोग वहाँ प्रेम-भाव से रहते थे। कुछ ही दूरी पर मुशहरी-टोला था जहाँ अधिकतर हरिजन और दलित-समुदाय के लोग के लोग निवास करते थे। ब्रह्म-बाबा थान के दूसरी ओर हाजी टोला था। यह एक बंगलादेशी मुसलमान बहुल गाँव था। ब्रह्म-बाबा थान दरअसल एक पीपल के पेड़ के नीचे का चबूतरा था जहाँ बाभन टोली के महिला और पुरुष अक्सर किसी शुभ कार्य से पहले पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेने आते थे। ब्रह्म-बाबा थान से बस कुछ ही दूरी पर हाजी साहब का मजार था जहाँ हिन्दु-मुस्लिम दोनों ही सिर नवाते थे। यह कुल दो बीघा का परती जमीन ना सिर्फ हिन्दु-मुस्लिम बच्चों के खेलने और व्यायाम का स्थान था बल्कि हिन्दु-मुस्लिम के साझा पूजा-स्थली और गंगा-यमुनी संस्कॄति और गाँव के लोगों के आपसी भाईचारे का केन्द्र था। दरअसल यह जमीन बाभन-टोली के बनारसी काका का था, जो कुछ वर्षों पहले गंगा-धार  में चला गया था। गंगा-धार से बाहर निकलने पर सभी ने ...

१२८. अज्ञानता मिटाने का करो मुझ पर एहसान @

अज्ञानता मिटाने का करो मुझ पर एहसान ✍🏻 बिपिन कुमार चौधरी छोटा सा मैं हूं जान, गुरुवर दें मुझे इतना ज्ञान, दुनिया हो अचंभित देख मेरा उड़ान, जग में बढ़ा सकूं आपका सम्मान... विद्या के मंदिर से सरस्वती हुई अंतर्ध्यान, खिचड़ी अंडा में हिस्सेदारी के लिए आते कई मेहमान, आपकी पीड़ा जानकर भी बनते सब अनजान, परिस्थितियां दुष्कर लेकिन कौन करेगा हमारा कल्याण... नैतिकता का पतन, शिक्षा का राजनीतिकरण, अपमानित करते वे लोग आपको जिन्हें अल्पज्ञान, इस गलती के लिए हम बच्चे मांगते आप से क्षमादान, अपनी कृपा से गुरुवर कर दो हमारा कल्याण... मजबूरीयों में मेरे मां-बाप हैं परेशान, मेरा उज्जवल भविष्य ही उनका जहान, इस धरती पर हो आप भगवान समान, अज्ञानता मिटाने का करो मुझ पर अहसान...

व्यंग्य // जनता ने हड़काया तो ई.वी.एम. खराब है......😎😎😎

       गाँव के  चौपाल पर आज एक बहुत महत्वपूर्ण गरमागर्म बहस  छिड़ चुका था।  गंगुआ बड़े गुस्से में तमतमाते हुए बोला "देखो भाई ईमानदार होने  का ढोल पीटना बहुत आसान है, लेकिन सचमुच में ईमानदार होना बहुत मुश्किल है। सबसे बड़ी बात एक बेईमान आदमी के नज़र में कोई ईमानदार हो ही नही सकता है और इससे भी बड़ी बात यह है  कि दुनियाँ में अधिकांश लोग इसलिए ईमानदार बनें बैठे हैं क्योंकि उसको बईमानी का अब तक मौका ही नही मिला है।"       लठैत को भी गुस्सा आ गया, बोला "ज्यादा ज्ञान मत झाड़ो और सबसे पहले तुम्हीं बताओ कि तुम और तुम्हारा नेता लोग किस कोटि में है!!!!" गंगुआ ने लठैत को समझाया कि देखो भाई हम जानते हैं कि तुम घर से भौजाई से लड़ कर आया है और गुस्सा झुठो हम पर उतार रहा है!!!! अरे ओतने खून में ताव है तो तनी जाके मुखियाजी से लड़ो कि तुम्हारा इन्द्रा-आवास अब तक काहे नही बना है....। ऊ तो तुमसे पार लगेगा नही, बस चौपाल पर बैठ कर चार गो नेता को गरिया के अपने को बड़का शेर समझते हो!!!"       लठैत की दुखती रग पर चो...

बात बे बात व्यंग्य

*व्यंग्य संग्रह : बात बे बात* *संक्षिप्त परिचय* *बिपिन कुमार चौधरी* माता :   श्रीमती इंदु देवी पिता :   जय प्रकाश चौधरी पत्नी  :  ममता कुमारी (शिक्षिका) जन्मदिवस    :  10 दिसंबर 1984 जन्म स्थान :  बिहार (कटिहार) शिक्षा :  स्नातकोत्तर (हिन्दी) नालंदा ओपेन युनिवर्सिटी पटना (बिहार) सम्प्रति   : मध्य विद्यालय रौनिया, कटिहार (बिहार) में  शिक्षण कार्य एवं साहित्य सृजन ब्लॉग और Bipin writer के नाम से यूट्यूब चैनल का संचालन वर्तमान निवास  :  बिपिन कुमार चौधरी, ग्राम - बलुआ, पोस्ट - सिक्कट, वाया - सेमापुर, प्रखंड - बरारी, जिला - कटिहार, बिहार पिन कोड - 854115 मोबाइल नम्बर - 7717702376 eMail - bipinkrchoudhary1@gmail.com ✍🏻 दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, राष्ट्रीय सहारा में करियर, युवा एवं आर्ट एंड कल्चर से संबंधी फीचर लेखन, ✍🏻 मुंबई से प्रकाशित साहित्यनामा पत्रिका और दिल्ली से प्रकाशित निभा पत्रिका में कई कविताएं प्रकाशित ✍🏻पटना से प्रकाशित दैनिक जागरण के "बात बे बात" कॉलम में बीस से ज्यादा व्यंग्य प्रकाशित ✍🏻 सभी प्रम...